IMG-LOGO

कराची में छह मंजिला इमारत ढही, 9 की माैत और 11 लापता, 4 आरोपित गिरफ्तार

Posted on: 2026-11-28
IMG

कराची, 28 नवंबर । पाकिस्तान के कराची में निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत गिरने के हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। शनिवार सुबह बचावकर्मियों ने मलबे से एक और शव बरामद किया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुहम्मद अली के रूप में हुई है। हादसे के बाद से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी 11 लोग लापता हैं, जबकि 14 लोग घायल हुए थे।

पाकिस्तान की उर्दू टेलीविज़न चैनल दुनिया न्यूज

तथा अंतरराष्ट्रीय मीडिया जिओ न्यूज के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को कराची की एडमिन सोसाइटी में बलूच कॉलोनी के पास हुआ था। निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। घटना के तुरंत बाद \'रेस्क्यू 1122\' सहित आपातकालीन बचाव दलों ने राहत अभियान शुरू किया। बचावकर्मियों ने हादसे के करीब दो दिन बाद एक मार्बल कारीगर को मलबे से जिंदा बाहर निकाला था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में घायल 14 लोगों में से 13 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी अस्पताल में भर्ती है।

बचाव दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मलबे के नीचे फंसे लोगों तक पहुंचना है। अधिकारी भारी मशीनों के इस्तेमाल से बच रहे हैं और हाथों से मलबा हटाने के साथ कंक्रीट के स्लैब को सावधानीपूर्वक काट रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि भारी मशीनों के इस्तेमाल से बचा हुआ ढांचा और अस्थिर हो सकता है। साथ ही मलबे में फंसे लोगों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा है। रेस्क्यू 1122 की टीमों ने मलबे के बीच रास्ते बनाए हैं, ताकि उन हिस्सों तक पहुंचा जा सके जहां लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी लापता लोगों का पता चलने तक अभियान जारी रहेगा।

हादसे के बाद पुलिस ने इमारत गिरने के मामले में हत्या, लापरवाही और असावधानी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 10 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद सिंध सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री मुराद अली शाह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में घटना की समीक्षा की गई।

बैठक के बाद सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी (एसबीसीए) के महानिदेशक वसीम शमशाद को पद से हटाने का आदेश दिया गया। उन्हें स्थानीय सरकार सचिव के पद से भी हटा दिया गया है। उनकी जगह बिलाल मेमन को स्थानीय सरकार सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि आबिद सलीम को एसबीसीए का नया महानिदेशक बनाया गया है। इसके अलावा, कथित लापरवाही के आरोप में पूर्वी जिले के उपायुक्त नसरुल्ला अब्बासी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जुबैर शेख और एसबीसीए के अन्य अधिकारियों को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री ने एसबीसीए के 16 संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश भी दिए हैं।

इससे पहले फरवरी में गैस विस्फोट के कारण कराची में एक इमारत ढह गई थी, जिसमें 16 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, पिछले साल जुलाई में लियारी इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से 27 लोगों की जान चली गई थी। फिलहाल, बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं और प्रशासन हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

Tags: