IMG-LOGO

निबंध लेखन से परखी जाती है विद्यार्थियों की मानसिक योग्यता : कलेक्टर

Posted on: 2026-11-26
IMG

गरियाबंद ।  शासकीय वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय गरियाबंद में मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता का विषय \'मतदान का महत्व एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की आवश्यकता\' रखा गया था। कार्यक्रम में कलेक्टर  रणबीर शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निबंध लेखन केवल किसी विषय पर अपने विचार व्यक्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति की सोच, समझ, तार्किक क्षमता और मानसिक योग्यता को परखने का प्रभावी तरीका भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता साक्षरता क्लब की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे सहित कॉलेज के प्राचार्य, संबंधित अधिकारीगण एवं प्रतिभागी विद्यार्थी मौजूद रहे।

      कलेक्टर श्री शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्कूली जीवन से ही निबंध लेखन का अभ्यास शुरू हो जाता है। शुरुआती कक्षाओं में विद्यार्थी गाय, दीपावली और गुरु जैसे सामान्य विषयों पर निबंध लिखते हैं। धीरे-धीरे यही अभ्यास गंभीर विषयों को समझने और उन पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने अपनी यूपीएससी परीक्षा की तैयारी का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगभग 3000 शब्दों तक के निबंध लिखने होते थे। उन्होंने बताया कि यूपीएससी की निबंध परीक्षा में उन्हें 200 में से 128 अंक प्राप्त हुए थे, जबकि टॉपर को 130 अंक मिले थे। इस प्रदर्शन के साथ वे निबंध विषय में देश में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने निबंध लेखन में अपने अनुभव और प्राप्त अंकों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि नियमित अभ्यास और गुणवत्तापूर्ण लेखन सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निबंध लिखने की सही पद्धति, विषय की समझ विकसित करने, विचारों को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने तथा गुणवत्तापूर्ण लेखन के आवश्यक तरीके भी बताए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी काफी मदद मिलती है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत, निरंतर अभ्यास और सही दिशा में प्रयास करने वाले विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से ऐसी शैक्षणिक एवं जागरूकता संबंधी प्रतियोगिताओं में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Tags: