IMG-LOGO

दो दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में शानदार वापसी, सेंसेक्स-निफ्टी 1.8% से ज्यादा चढ़े

Posted on: 2026-11-25
IMG

सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान, बैंकिंग, फाइनेंशियल और एफएमसीजी शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1.8 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल देखने को मिली।

बाजार बंद होने के समय, बीएसई सेंसेक्स 1,502.29 अंकों यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,819.25 पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने जहां अपने पिछले बंद 82,435.99 की तुलना में 2,062.22 अंकों यानी 2.50 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 84,498.21 का उच्चतम स्तर छुआ, वहीं निफ्टी 50 ने अपने पिछले बंद 25,349.65 की तुलना में 602 अंकों यानी 2.37 प्रतिशत उछलकर 25,951.65 का दिन का हाई टच किया।

इस बीच, निफ्टी 50 इंडेक्स में हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.08 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में 4.66 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ में 4.58 प्रतिशत, नेस्ले इंडिया, इंडिगो, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा और ये दिन के टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे। वहीं इसके विपरीत, टाटा स्टील, मैक्स हेल्थ, हिंडाल्को, जेएसडब्ल्यू स्टील, श्रीराम फाइनेंस और भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

व्यापक बाजारों में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत बढ़ा, तो वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं सेक्टरवार देखें तो निफ्टी एफएमसीजी में 3.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बेहतर परफॉर्म किया। इसके बाद निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2.2 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.4 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.2 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 1.16 प्रतिशत और निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मीडिया में 4.4 प्रतिशत, निफ्टी मेटल्स में 2.04 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.13 प्रतिशत की गिरावट आई।

निफ्टी के तकनीकी आउटलुक पर टिप्पणी करते हुए बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि सोमवार के सत्र में प्रॉफिट बुकिंग के बाद बुधवार को इंडेक्स में जोरदार रिकवरी देखने को मिली और इसने 25,650 के महत्वपूर्ण स्तर को फिर से हासिल कर लिया।

बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए में जोरदार उछाल आया। छुट्टी के बाद रुपए में लगभग 70 पैसे की मजबूती आई और यह सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। यूएसडी/आईएनआर का इंट्रा-डे निचला स्तर 92.39 दर्ज किया गया।

Tags: