IMG-LOGO

रामलला दर्शन योजना के तहत गरियाबंद से 94 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या रवाना

Posted on: 2026-11-25
IMG

गरियाबंद । श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत आज गरियाबंद जिले से 94 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिला मुख्यालय में कलेक्टोरेट परिसर से जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को रवाना किया तथा उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष  रिखीराम यादव, जनपद पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष  लेखराम साहू, वरिष्ठ नागरिक  सुरेंद्र सोनटेके,  राधेश्याम सोनवानी, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक  डीपी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने तीर्थयात्रियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं को मिल रहा श्रीरामलला के दर्शन का अवसर -

श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह योजना उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है, जो आर्थिक अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण अयोध्या की तीर्थयात्रा नहीं कर पाते। जिले से रवाना हुए श्रद्धालुओं में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन को लेकर उत्साह और श्रद्धा का भाव देखने को मिला। यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं ने इस अवसर को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि श्रीरामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को सम्मान देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

 

Tags: