बीजापुर, 24 नवंबर । जिले में शासकीय भर्तियों के बीच कथित फर्जी स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की शिकायत को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार बीजापुर के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज तेलम, पंकज राणा, किशोर कोर्रम, राहुल अभय, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा मौजूद रहे।
नोज तेलम का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बस्तर संभाग सहित बीजापुर जिले में बस्तर फाइटर्स (पुलिस) के 417 पदों समेत विभिन्न शासकीय विभागों में अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इन भर्तियों में स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता रखी गई है, ताकि क्षेत्र के मूल निवासी युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। लेकिन आरोप है कि बीजापुर तहसील कार्यालय सहित जिले के अन्य तहसील कार्यालयों से दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को भी कथित रूप से नियम विरुद्ध निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो इससे जिले के वास्तविक स्थानीय बेरोजगार युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
उन्हाेने कहा कि, बीजापुर जिला आदिवासी बहुल क्षेत्र है। यहां के युवा सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा प्राप्त कर सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। स्थानीय युवाओं को उम्मीद रहती है कि शासन की भर्ती प्रक्रिया में उन्हें प्राथमिकता और नियमानुसार अवसर मिलेगा। ऐसे में यदि जिले से बाहर के अभ्यर्थियों को गलत दस्तावेजों के आधार पर स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाते हैं तो यह बीजापुर के मूल निवासी युवाओं के साथ अन्याय होगा। युवाओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी योग्य अभ्यर्थी को रोजगार से वंचित करना नहीं, बल्कि स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।
युवाओं ने कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की है कि बीजापुर जिले में अब तक जारी किए गए स्थानीय निवास प्रमाण-पत्रों की नियमानुसार जांच कराई जाए। विशेष रूप से दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को जारी किए गए संदिग्ध प्रमाण-पत्रों की पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। यदि जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर या नियमों को दरकिनार कर निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित अभ्यर्थियों के साथ-साथ इसमें संलिप्त अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा आगामी सभी शासकीय भर्तियों में स्थानीय निवास प्रमाण-पत्रों का नियमानुसार अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।