IMG-LOGO

वेलिंगटन टेस्ट: सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर हर्षा भोगले और आकाश चोपड़ा ने जताई हैरानी

Posted on: 2026-11-19
IMG

वेलिंगटन, 19 नवंबर । न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट के प्लेइंग इलेवन से जुड़े फैसले ने सभी को हैरान कर दिया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की अंतिम एकादश में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली। सिराज को बाहर रखने के फैसले पर क्रिकेट जगत में भी चर्चा शुरू हो गई है। मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले और पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस पर अपनी हैरानी जाहिर की है।

भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए चार तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। वहीं, विदेशी परिस्थितियों में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के अहम सदस्य माने जाने वाले मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ा।

सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किए जाने पर मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम द्वारा सिराज को बाहर किए जाने से वह हैरान और निराश हैं।

भोगले ने कहा कि सिराज ने वह सब कुछ किया है, जो उनसे करने को कहा गया। बुमराह की गैरमौजूदगी में उन्होंने गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभाली और खुद को एक बेहतरीन तथा सकारात्मक टीम खिलाड़ी साबित किया। कंबोज को शुभकामनाएं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि सिराज के साथ इस फैसले को लेकर पूरी ईमानदारी से बातचीत की गई होगी।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर आश्चर्य जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को जगह नहीं मिलना उनके लिए वास्तव में हैरान करने वाला फैसला है।

टॉस के दौरान कप्तान शुभमन गिल ने भी माना कि टीम संयोजन चुनना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट पिछले एक सप्ताह से इस पर विचार कर रहा था कि किन खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरना चाहिए, क्योंकि सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

गिल के मुताबिक, सिराज और गुरनूर को बाहर रखना बेहद मुश्किल फैसला था। दोनों ने वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था और गुरनूर को तो प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। हालांकि, टीम को उम्मीद है कि चुने गए तेज गेंदबाज अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाएंगे।

मोहम्मद सिराज का टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्होंने 23 विकेट हासिल किए थे। ओवल में खेले गए टेस्ट मुकाबले में नौ विकेट लेकर भारत की यादगार जीत में अहम भूमिका निभाई थी। श्रीलंका के खिलाफ पिछली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी सिराज ने चार विकेट हासिल किए थे।

अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से ही सिराज विदेशी परिस्थितियों में भारतीय टीम के भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अब तक भारत के लिए 48 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 144 विकेट दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने आठ बार एक पारी में चार विकेट और पांच बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिराज को बाहर रखने का फैसला निश्चित तौर पर चर्चा का विषय बन गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा।

Tags: