IMG-LOGO

एमएससीआई रिव्यू: एलआईसी और मीशो समेत 4 दिग्गज कंपनियों को ग्लोबल इंडेक्स में मिली जगह

Posted on: 2026-11-12
IMG

नई दिल्ली, 12 नवंबर । ग्लोबल इंडेक्स सर्विस प्रोवाइडर एमएससीआई (मॉर्गन स्टेनली कैपिटल इंटरनेशनल) ने अपने नवंबर 2026 के तिमाही समीक्षा के नतीजों की घोषणा कर दी है। इस ताजा फेरबदल में भारतीय शेयर बाजार की चार दिग्गज कंपनियों को एमएससीआई ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में जगह मिली है। शामिल होने वाली कंपनियों में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), कोफोर्ज, अदाणी ग्रीन एनर्जी और ई-कॉमर्स कंपनी मीशो के नाम प्रमुख हैं। दूसरी ओर पीआई इंडस्ट्रीज को इस सूचकांक से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। ये सभी नए बदलाव 30 नवंबर को बाजार बंद होने के बाद प्रभावी रूप से लागू किए जाएंगे।

इस बड़े बदलाव से भारतीय बाजार में विदेशी निवेश का प्रवाह और तेज होने की उम्मीद है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के अनुमान के मुताबिक, ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल होने से इन चारों कंपनियों में फॉरेन कैपिटल इनफ्लो तेज हो सकता है। इसमें सबसे ज्यादा 63 करोड़ डॉलर का संभावित निवेश कोफोर्ज के शेयरों में आने की उम्मीद है। इसके अलावा एलआईसी में 46.8 करोड़ डॉलर, अदाणी ग्रीन एनर्जी में 34.8 करोड़ डॉलर और मीशो में 30.7 करोड़ डॉलर का विदेशी निवेश आ सकता है। इसके विपरीत, पीआई इंडस्ट्रीज के इंडेक्स से बाहर होने के कारण इस स्टॉक से लगभग 11.9 करोड़ डॉलर की पूंजी निकलने (फॉरेन कैपिटल आउटफ्लो) की आशंका जताई गई है।

नई कंपनियों को शामिल करने के साथ ही एमएससीआई ने 11 मौजूदा भारतीय कंपनियों का वेटेज भी बढ़ाया है। इन कंपनियों में ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स, लेंसकार्ट, जेएसडब्ल्यू स्टील, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, कोल इंडिया और पेटीएम शामिल हैं। इसके अलावा भारत फोर्ज, ऑरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज, जायडस लाइफसाइंसेज, वेदांता और बॉश का भी वेटेज बढ़ा है। इस बढ़ोतरी से इन शेयरों में 1 करोड़ से लेकर 9.7 करोड़ डॉलर तक का नया निवेश आ सकता है। दूसरी तरफ, एनटीपीसी, आयशर मोटर्स, ग्रासिम, आरईसी, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, सिप्ला, गेल, एमआरएफ और सीमेंस इंडिया का वेटेज घटाया गया है, जिससे इनमें पूंजी निकासी देखने को मिल सकती है।

वैश्विक स्तर पर एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स में शामिल होने वाली तीन सबसे बड़ी नई कंपनियों में भारत की एलआईसी ने भी अपनी जगह बनाई है। इस रिव्यू के बाद इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स में भारत का कुल वेटेज 12.9 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 13.15 प्रतिशत होने का अनुमान है।

मुख्य सूचकांक यानी एमएससीआई ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स के अलावा एमएससीआई इंडिया स्मॉल कैप इंडेक्स में भी बड़ा उलटफेर हुआ है। इस इंडेक्स में पीआई इंडस्ट्रीज, शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीस, अपोलो माइक्रो सिस्टम्स और हुडको समेत कुल 11 नई कंपनियों को जोड़ा गया है। इन शेयरों में 2 लाख से 1.8 करोड़ डॉलर तक का निवेश आने की संभावना है।

वहीं, स्मॉल कैप इंडेक्स से कुल 29 कंपनियों को बाहर निकाला गया है। बाहर होने वाली प्रमुख कंपनियों में कोफोर्ज, एचसीसी, प्राज इंडस्ट्रीज, अरविंद फैशन्स, हैप्पिएस्ट माइंड्स, इंडिया सीमेंट्स, टीटीके प्रेस्टीज, शक्ति पंप्स, आदित्य बिड़ला फैशन्स और सेनको गोल्ड के नाम शामिल हैं। कोफोर्ज को अपग्रेड करके स्टैंडर्ड इंडेक्स में ले जाने के कारण स्मॉल कैप से हटाया गया है। वहीं, पीआई इंडस्ट्रीज को डाउनग्रेड कर एमएससीआई इंडिया स्मॉल कैप इंडेक्स में शामिल किया गया है

Tags: