IMG-LOGO

2023 एशेज सीरीज के दौरान लॉर्ड्स में मेरे खिलाफ हुई थी नस्लभेदी टिप्पणी: उस्मान ख्वाजा

Posted on: 2026-11-11
IMG
2023 एशेज सीरीज के दौरान लॉर्ड्स में मेरे खिलाफ हुई थी नस्लभेदी टिप्पणी: उस्मान ख्वाजा

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2023 एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर हुई एक घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि उस सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के एक सदस्य ने उनके खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणी की थी। उन्होंने अपनी आत्मकथा \'सब्र\' (Sabr) में इस घटना का विस्तार से जिक्र किया है। ख्वाजा के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ी इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के विवादित तरीके से आउट होने के बाद लंच के लिए पवेलियन लौट रहे थे

यह पूरा मामला 2 जुलाई 2023 को लॉर्ड्स में खेले गए एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन का है। मुकाबले के दौरान ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने जॉनी बेयरस्टो को स्टंप आउट कर दिया था। बेयरस्टो गेंद को डेड समझकर क्रीज से बाहर निकल गए थे, तभी कैरी ने गेंद विकेटों पर मार दी। अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इस फैसले के बाद मैदान पर विवाद शुरू हो गया और इंग्लैंड के दर्शकों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की हूटिंग की। जब ऑस्ट्रेलियाई टीम लॉर्ड्स के लॉन्ग रूम से गुजरकर ड्रेसिंग रूम की ओर जा रही थी, तब कुछ सदस्यों ने खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार किया

ख्वाजा ने अपनी किताब में लिखा है कि उस समय लॉन्ग रूम का माहौल बेहद तनावपूर्ण था। उनके मुताबिक, वहां मौजूद कुछ सदस्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर लगातार चिल्ला रहे थे और गालियां दे रहे थे। उन्होंने इस व्यवहार को अप्रत्याशित बताते हुए कहा कि लॉर्ड्स जैसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदान पर इस तरह की घटना होना उनके लिए हैरान करने वाला था। ख्वाजा ने बताया कि एक व्यक्ति ने उनके कान के बेहद करीब आकर चिल्लाया। उन्होंने उस व्यक्ति को दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी। इसके बाद आगे बढ़ते हुए उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को कथित तौर पर अपने खिलाफ नस्लभेदी शब्दों का इस्तेमाल करते सुना। इस टिप्पणी से वह अपना आपा खो बैठे।

Tags: