नई दिल्ली, 05 नवंबर । देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। एक तरफ दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहने के साथ हल्की ठंड की शुरुआत हो रही है, वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव प्रणालियों के प्रभाव से अगले चार-पांच दिनों में बारिश हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में इन दिनों मौसम सुहाना बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं। शुक्रवार से रविवार तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने के आसार हैं। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा या धुंध छाने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
आईएमडी के मुताबिक पूर्वी तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना दबाव कमजोर होते-होते अब एक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल चुका है, लेकिन इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण निचले वायुमंडल में सक्रिय है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं, जिसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 एवं 9-11 नवंबर के दौरान बारिश के आसार हैं। वहीं 7-8 नवंबर के दौरान यहां काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 6-11 नवंबर के दौरान भारी बारिश भी हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे और रायलसीमा में 6-11 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे में 6 से 8 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
कर्नाटक और तेलंगाना में 6-7 नवंबर के दौरान बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8-11 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश और 9 से 11 नवंबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6-11 नवंबर के दौरान बारिश होने के आसार हैं। विशेष रूप से 9-11 नवंबर के दौरान असम, मेघालय और त्रिपुरा आदि क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 11 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में 10 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पश्चिम और मध्य भारत के इस पूरे सप्ताह पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।