IMG-LOGO

सरपंच के इस्तीफे की वायरल चिट्ठी से मचा हड़कंप, अब बदला फैसला

Posted on: 2026-10-10
IMG

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टेढ़ीभदरा में सरपंच के इस्तीफे को लेकर हलचल मच गई है। सरपंच प्रेमकुमारी नारंग के नाम से इस्तीफे का एक पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पंचायत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, सरपंच ने मीडिया के सामने आकर इस्तीफा देने की वजह स्पष्ट की और अब पद से इस्तीफा नहीं देने की बात कही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस्तीफे की चिट्ठी
सरपंच प्रेमकुमारी नारंग के इस्तीफे का पत्र वायरल होने के बाद इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने भी अपने फेसबुक पोस्ट में इस्तीफे की वजह पंचायत में विकास कार्य नहीं करा पाना, मूलभूत सुविधाओं की कमी और सरकार के पास पर्याप्त बजट नहीं होने को बताया।

पति की मानसिक स्थिति को बताया इस्तीफे की वजह
वहीं, मीडिया से बातचीत में सरपंच प्रेमकुमारी नारंग ने इस्तीफे की वजह अलग बताई। उन्होंने कहा कि उनके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया था। हालांकि, पत्र वायरल होने के बाद पंचायत और संबंधित अधिकारियों से मार्गदर्शन मिलने पर उन्होंने अब इस्तीफा नहीं देने का निर्णय लिया है।

सरपंच प्रेमकुमारी नारंग ने मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समस्या भी उठाई। उन्होंने रोहिना मोड़ से देवीधाम देवसागर तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में सड़क की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है।

फिलहाल, इस्तीफे को लेकर शुरू हुआ विवाद सरपंच के पद पर बने रहने के फैसले के बाद थमता नजर आ रहा है। वहीं, सड़क निर्माण की मांग और पंचायत में विकास कार्यों को लेकर अब प्रशासन की पहल पर नजर रहेगी।

Tags: