IMG-LOGO

भारत की आर्थिक ग्रोथ पर विश्व बैंक का भरोसा, FY27 का अनुमान 6.6% से बढ़ाकर 7.1%

Posted on: 2026-10-06
IMG
भारत की आर्थिक ग्रोथ पर विश्व बैंक का भरोसा, FY27 का अनुमान 6.6% से बढ़ाकर 7.1%

विश्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक ग्रोथ का अनुमान 6.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दिया है। विश्व बैंक ने अपनी ताजा India Development Update में कहा कि मजबूत घरेलू मांग और एक्सपोर्ट से भारत की अर्थव्यवस्था को समर्थन मिल रहा है।

विश्व बैंक के मुताबिक, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की मध्यम अवधि की आर्थिक संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। हालांकि, रिपोर्ट में कच्चे तेल की ऊंची वैश्विक कीमतों, अल नीनो और संभावित शेयर बाजार करेक्शन को जोखिम के तौर पर बताया गया है, जिससे पूंजी प्रवाह में अस्थिरता आ सकती है।

विश्व बैंक ने कहा कि मजबूत घरेलू मांग और एक्सपोर्ट भारत की आर्थिक ग्रोथ के प्रमुख आधार बने रहेंगे। रिपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भी भारत के लिए उत्पादकता और विकास बढ़ाने के संभावित नए स्रोत के तौर पर बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में निजी AI निवेश 2024 के 1.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2025 में 4.1 अरब डॉलर हो गया। वहीं, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स में रोजगार 2024 के 19 लाख प्रोफेशनल्स से बढ़कर 2025 में 23.6 लाख हो गया।

विश्व बैंक के कार्यवाहक कंट्री डायरेक्टर फॉर इंडिया पॉल प्रोसी ने कहा कि भारत AI की तैयारी के मामले में प्रमुख उभरते बाजारों के शीर्ष 10 देशों में शामिल है।

विश्व बैंक ने कहा कि AI के व्यापक इस्तेमाल के लिए भारत को AI से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, कारोबारी माहौल में सुधार, AI तक पहुंच बढ़ाने और श्रम क्षमता को मजबूत करने के लिए नीतिगत कदम उठाने होंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अर्थव्यवस्था और रोजगार बाजार पर AI के दीर्घकालिक प्रभाव को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण एशिया की अर्थव्यवस्था के 2026 में 6.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है और यह दुनिया का सबसे तेज बढ़ने वाला क्षेत्र बना रहेगा।

Tags: