नई दिल्ली
में 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों
पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी)
के अनुसार, इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी.
बंद किए गए स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव
चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी
बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं. कहा
गया है कि अगले आदेश तक ये नियम लागू होंगे.
प्रदर्शन शुक्रवार सुबह 11 बजे
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित है. पुलिस के मुताबिक, करीब 3,000
से 4,000 लोगों के पहुंचने की आशंका है,
जिसके चलते नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है. इंडियन
एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 5,000 पुलिसकर्मियों
और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर
बैरिकेडिंग की गई है. दिल्ली पुलिस ने लोगों की आवाजाही और यातायात को लेकर भी
प्रतिबंध लगाए हैं.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक यह प्रदर्शन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स
एसोसिएशन (एआईएसए), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील
प्रशांत भूषण समेत सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों की ओर से बुलाया गया है.
प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है.
एआईएसए के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस सप्ताह की शुरुआत में संसद मार्ग
पुलिस को प्रदर्शन की सूचना दी थी. प्रतिनिधिमंडल में प्रशांत भूषण, मनोज झा, एआईएसए अध्यक्ष नेहा बोरा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, सामाजिक
कार्यकर्ता निखिल डे और शिक्षाविद नंदिता नारायण शामिल थे.
प्रदर्शनकारी विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और मतदाता सूची में
कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार को उनके पद हटाने की मांग कर रहे हैं.
वहीं, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी
है.