भारतीय
फुटबॉल फैंस को जिस मुकाबले का लंबे समय से इंतजार था, उसकी घड़ी अब करीब आ गई है. पांच
बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की स्टार फुटबॉल टीम भारत पहुंच चुकी है. ब्राजील की
टीम कोलकाता में उतरी है, जहां 3 अक्टूबर
को भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के खिलाफ हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच खेला
जाएगा.
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF)
ने 30 जुलाई को इस इंटरनेशनल फ्रेंडली की
घोषणा की थी. इसके बाद से ही इस मुकाबले को लेकर फुटबॉल फैंस में जबरदस्त उत्साह
है.
ब्राजील दुनिया की सबसे सफल पुरुष फुटबॉल टीमों में शामिल है और
टीम ने अब तक पांच बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है. अब उसकी स्टार खिलाड़ियों
से सजी टीम भारतीय मैदान पर अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार है.
भारत के खिलाफ लिए ब्राजील की टीम में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं.
टीम में विनिसियस जूनियर, राफिन्हा, गैब्रियल
मार्टिनेली, एंड्रिक, एस्टेवाओ,
ब्रूनो गिमारेस, डगलस लुइज और मारक्विन्होस
जैसे नाम मौजूद हैं. ऐसे में भारतीय टीम के सामने दुनिया की शीर्ष फुटबॉल टीमों
में शामिल ब्राजील की मजबूत चुनौती होगी. खास तौर पर भारतीय डिफेंस के सामने
ब्राजील के तेज और आक्रामक खिलाड़ियों को रोकना बड़ी चुनौती रहने वाला है.
ब्राजील के भारत पहुंचने के साथ ही कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था
भी बढ़ा दी गई है. पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री इंद्रनील खान ने बताया कि भारत और
ब्राजील के अलावा भारत और उरुग्वे के मुकाबले को देखते हुए बड़े स्तर पर सुरक्षा
इंतजाम किए गए हैं. भारत और उरुग्वे के बीच मुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाना है.
टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए डिजिटल टिकटिंग और QR कोड आधारित व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके अलावा पुलिस और
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है.