गरियाबंद 01 अक्टूबर 2026
स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प पखवाड़े के अंतर्गत आज जिला पंचायत गरियाबंद परिसर में ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ’ थीम पर स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर स्वच्छता श्रमदान किया। परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई करते हुए कचरे का उचित संकलन एवं निस्तारण किया गया। इस दौरान सभी ने स्वच्छ एवं सुंदर परिसर बनाए रखने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ’ थीम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए श्रमदान करते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोग भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी से अपने घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ा स्वच्छता का संदेश -
श्रमदान के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली। शपथ के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को सेवा संकल्प पखवाड़े से जोड़ते हुए स्वच्छता को जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ’ थीम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता के लिए थोड़ा समय दे, तो सामूहिक प्रयासों से व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम में सभी ने जिले में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।