IMG-LOGO

केन्द्र सरकार का 'विशेष अभियान 6.0' के तहत स्वच्छता, ई-कचरा निपटान और रिकॉर्ड प्रबंधन पर रहेगा विशेष जोर

Posted on: 2026-10-01
IMG
केन्द्र सरकार का 'विशेष अभियान 6.0' के तहत स्वच्छता, ई-कचरा निपटान और रिकॉर्ड प्रबंधन पर रहेगा विशेष जोर

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर  केन्द्र सरकार \'विशेष अभियान 6.0\' के तहत 31 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर स्वच्छता और लंबित प्रशासनिक मामलों के निपटान का कार्य शुरू करेगी। यह अभियान प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की ओर से शुरू किया गया है।

केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के अनुसार इस अभियान के तहत मंत्रालय ने 16 से 30 सितंबर तक चले तैयारी चरण के दौरान कार्यालयों, अधीनस्थ संस्थानों और स्वायत्त संगठनों ने देशव्यापी अभियान की रूपरेखा और ठोस लक्ष्य निर्धारित कर लिए हैं।

इस वर्ष अभियान के दौरान सरकारी कार्यालयों में ई-कचरे के वैज्ञानिक निपटान, अभिलेख प्रबंधन और कार्यस्थल की दक्षता बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

प्रारंभिक चरण के दौरान मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के विवरण में से देश भर में सफाई अभियान चलाने के लिए 595 विशिष्ट स्थलों की पहचान, प्रशासनिक गति में सुधार के लिए 31,515 भौतिक फाइलों और 323 ई-फाइलों की समीक्षा एवं छंटनी तथा लंबित संदर्भों के निपटान में 80 सांसद संदर्भ, 46 संसदीय आश्वासन, 26 प्रधानमंत्री कार्यालय संदर्भ, 28 राज्य सरकार संदर्भ, 92 सार्वजनिक शिकायतों और 44 विभागीय अपीलों के त्वरित निस्तारण का लक्ष्य तय शामिल है।

इस दौरान अभिलेख प्रबंधन पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर अभिलेख कक्षों का निरीक्षण किया गया और पुरानी फाइलों को नियमानुसार छांटने की प्रक्रिया पूरी की गई।

गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के समन्वय से दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान एवं व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसमें मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।

अभियान के दौरान होने वाली दैनिक प्रगति की रियल-टाइम निगरानी डीएआरपीजी के एससीडीपीएम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिस पर नियमित रूप से आंकड़े अपडेट किए जाएंगे। मंत्रालय के सभी संस्थान निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं।

Tags: