IMG-LOGO

आर्थिक मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी: जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की रेटिंग बढ़ाकर ‘ए- स्टेबल’ की

Posted on: 2026-09-02
IMG
आर्थिक मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी: जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की रेटिंग बढ़ाकर ‘ए- स्टेबल’ की

देश के लिए आर्थिक मोर्चे पर महत्वपूर्ण खुशखबरी आई है। जापान क्रेडिट रेटिंग (JCR) एजेंसी ने भारत की ‘फॉरेन करेंसी लॉन्ग-टर्म इश्यूअर रेटिंग’ और ‘लोकल करेंसी लॉन्ग-टर्म इश्यूअर रेटिंग’ को ‘BBB+’ से बढ़ाकर ‘A- स्टेबल’ कर दिया है। एजेंसी ने इसकी मुख्य वजह अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार बताई है।

7 प्रतिशत से ऊपर बनी हुई है विकास दर

जेसीआर ने अपने नोट में कहा कि भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत के उच्च स्तर पर बनी हुई है। इसे निजी खपत और सरकारी निवेश का मजबूत समर्थन मिल रहा है। भारत सरकार की नीतियां भी लगातार आर्थिक वृद्धि में मदद कर रही हैं। इनमें डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) को लागू करना शामिल है। इन कदमों से देश का आर्थिक आधार पहले के मुकाबले काफी मजबूत हुआ है।

वित्त वर्ष 26 में 7.7 प्रतिशत रही वृद्धि, 27 में भी मजबूत अनुमान

जेसीआर के अनुसार, वित्त वर्ष 26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। वित्त वर्ष 27 में इसके 6 प्रतिशत से अधिक की तेजी से बढ़ने का अनुमान है। इसे इनकम टैक्स और GST में कटौती से सहारा मिल रहा है। हालांकि, मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के कारण खाद्य उत्पादों की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे महंगाई में कुछ बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन यह अभी भी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के लक्ष्य के अंदर बनी हुई है।

बैंकिंग सेक्टर मजबूत, NPA 2 प्रतिशत से नीचे

नोट में देश के बैंकिंग सेक्टर की विशेष सराहना करते हुए जेसीआर ने कहा कि भारत का बैंकिंग सेक्टर मजबूत स्थिति में है। नॉन-परफॉरमिंग लोन (NPL) रेश्यो 2 प्रतिशत से नीचे चला गया है। इसकी मुख्य वजह RBI की कड़ी निगरानी और नई दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (IBC) का लागू होना है।

पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि

वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में विकास दर 7.8 प्रतिशत रही है। यह पिछले साल की समान अवधि की 6.9 प्रतिशत विकास दर से 0.9 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा RBI के अनुमान से भी बेहतर है। अगस्त की शुरुआत में मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसलों की घोषणा के दौरान RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान 7 प्रतिशत बताया था। यह अपग्रेड भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती और वैश्विक स्तर पर उसकी विश्वसनीयता को और बढ़ाता है।

Tags: