आधार ऐप के डाउनलोड की संख्या 5 करोड़ के महत्वपूर्ण आंकड़े को पार कर गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार, यह उपलब्धि लोगों के बीच सुविधाजनक और डिजिटल माध्यम से आधार सेवाओं की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।
आधार ऐप यूआईडीएआई और आधार नंबर धारकों के बीच डिजिटल माध्यम के रूप में काम करता है। इसके जरिए लोग अपने स्मार्टफोन से मोबाइल नंबर, पता और ईमेल अपडेट करने के साथ बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक और ई-आधार डाउनलोड जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
ऐप के जरिए अब तक 60 लाख से अधिक लोगों ने मोबाइल नंबर अपडेट किया है। वहीं, 15 लाख से अधिक पता अपडेट और 23 लाख से अधिक ईमेल अपडेट भी किए गए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, इन सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से पता चलता है कि लोग आधार केंद्र पर जाने के बजाय डिजिटल माध्यम से आधार से जुड़ी सेवाएं लेना पसंद कर रहे हैं।
आधार ऐप को ‘Show, Share and Verify’ के सिद्धांत पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य आधार नंबर धारकों को अपनी आधार जानकारी के इस्तेमाल पर अधिक नियंत्रण देना और सुविधाजनक पहचान सत्यापन उपलब्ध कराना है।
आधार ऐप के विस्तार के साथ यूआईडीएआई सुरक्षित और सुविधाजनक ऑफलाइन सत्यापन की व्यवस्था को भी मजबूत कर रहा है। बयान के अनुसार, जनवरी में इसकी शुरुआत के बाद से अब तक 200 से अधिक संस्थाओं को Offline Verification Seeking Entities (OVSEs) के रूप में जोड़ा जा चुका है।
इन संस्थाओं के जुड़ने से आधार के ऑफलाइन माध्यम से सुरक्षित, सहमति-आधारित और पेपरलेस पहचान सत्यापन को बढ़ावा मिलेगा। इससे सेवा प्रदाताओं और नागरिकों दोनों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यूआईडीएआई के ऑफलाइन सत्यापन माध्यमों में क्यूआर कोड आधारित सत्यापन और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज शामिल हैं। इनके जरिए संस्थाएं यूआईडीएआई के केंद्रीय डेटाबेस से रियल-टाइम कनेक्शन के बिना पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन कर सकेंगी।
इस व्यवस्था में आधार धारक केवल आवश्यक न्यूनतम जानकारी साझा कर सकते हैं, जिससे निजता को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सहमति आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए डिजिटल पहचान सत्यापन को अधिक भरोसेमंद बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि ये पहल सरकार के डिजिटल इंडिया विजन और सुरक्षित, सुलभ तथा तकनीक आधारित सार्वजनिक सेवाओं के जरिए लोगों के जीवन को आसान बनाने के व्यापक उद्देश्य के अनुरूप हैं।