IMG-LOGO

उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

Posted on: 2026-08-19
IMG
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

रायपुर, 19 अगस्त। भारत के उपराष्ट्रपति के दो सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव विकासशील ने आज बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक तथा वापसी के लिए एंट्री एवं एग्जिट प्लान सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति दो सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन, एम्स में स्वागत एवं अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट एवं कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की समुचित तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने गृह विभाग को सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं तथा आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल एवं डायस प्लान के अनुरूप करने तथा वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित सभी औपचारिकताएं नियमानुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभाग के आयुक्त श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, कलेक्टर रायपुर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Tags: