16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 (डिवीजन ‘ए’) के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में ओडिशा, पंजाब, झारखंड और मध्य प्रदेश ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी पंजाब ने हॉकी कर्नाटक को 5-2 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। पंजाब के लिए अजयपाल सिंह (22वें), जरमन सिंह (24वें), सनी (32वें), अमनदीप (35वें) और गुरविंदर सिंह (60वें मिनट) ने गोल किए। कर्नाटक की ओर से दोनों गोल किरण रेड्डी (21वें और 28वें मिनट) ने किए।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी हरियाणा को 5-1 से हराया। लेलसन मिंज ने 15वें, 20वें और 46वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की। वहीं, मंदीप केरकेट्टा (3वें) और कप्तान दीपक प्रधान (60वें मिनट) ने भी एक-एक गोल किया। हरियाणा के लिए प्रिंस ने 41वें मिनट में एकमात्र गोल दागा।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद शूटआउट में झारखंड ने 4-3 से जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश के लिए सत्यम पांडेय (28वें) और त्रिलोकी वेनवंशी (33वें, 50वें मिनट) ने गोल किए, जबकि झारखंड की ओर से पात्रस हासा (26वें), भेंगरा ग्लेडशन (43वें) और निकोलस टोपनो (60वें मिनट) ने गोल किए।
शूटआउट में झारखंड के रोहित तिर्की, जोलेन टोपनो, पात्रस हासा और अंकित एक्का ने अपने प्रयास सफल किए, जबकि गोलकीपर साहू प्रिंस ने महत्वपूर्ण बचाव कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
पहले क्वार्टर फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी को 7-3 से हराया। मध्य प्रदेश के लिए सुभान आबिद (23वें, 43वें), राजवीर सिंह (19वें, 23वें) और कप्तान रितेंद्र प्रताप सिंह (37वें, 56वें मिनट) ने दो-दो गोल किए। आशिर आदिल खान ने 41वें मिनट में एक गोल किया। विपक्षी टीम की ओर से सुमित राजभर (40वें), सूरज (47वें) और मोहम्मद जईद (52वें मिनट) ने गोल किए।