रावलपिंडी, 29 जुलाई पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान 32 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। यह जानकारी इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की तरफ से दी गई है।
पाकिस्तान उर्दू टेलीविज़न चैनल दुनिया न्यूज़
ने आईएसपीआर के हवाले से बताया कि, 28 व 29 जुलाई की रात खैबर पख्तूनख्वा के खैबर जिले में खुफिया जानकारी के आधार पर कई लक्षित अभियान चलाए गए। इन अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए \"फ़ित्ना अल-ख्वारिज\" से जुड़े 24 आतंकवादियों को मार गिराया।
वहीं, बलूचिस्तान के नुश्की जिले में भी खुफिया-आधारित ऑपरेशन (आईबीओ) के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में आठ आतंकवादी मारे गए। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के कब्जे से हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ने अपने बयान में कहा कि आतंकवाद के खतरे को समाप्त करने के लिए सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां \"अज़्म-ए-इस्तेहकाम\" अभियान के तहत आतंकवाद विरोधी कार्रवाई पूरी गति से जारी रखेंगी।