IMG-LOGO

लगातार बारिश से सड़कें और खेत जलमग्न, धान की फसल पर मंडराया संकट

Posted on: 2026-07-29
IMG
लगातार बारिश से सड़कें और खेत जलमग्न, धान की फसल पर मंडराया संकट

धमतरी, 29 जुलाई  विकासखंड मगरलोड में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। एक ओर जहां सड़कों और मोहल्लों में जलभराव से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर खेतों में लबालब भरे पानी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

क्षेत्र के किसान राजाराम साहू, कोमल साहू, रेवाराम, कुलेश्वर साहू, चमन साहू और सदन साहू ने बताया कि धान की बुवाई के बाद लगातार हो रही बारिश से खेत पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे फसल खराब होने की पूरी आशंका है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होगा। इधर, नगर पंचायत मगरलोड के कई वार्डों में नालियां जाम होने से पानी सड़कों पर बह रहा है और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नालियों की तत्काल सफाई कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा किसानों की फसलों का सर्वे कर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

Tags: