नई दिल्ली, 14 जुलाई । हॉकी इंडिया ने मंगलवार को ओमान के मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक होने वाली पहली यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी।
यह टूर्नामेंट एशिया की उभरती हुई हॉकी प्रतिभाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है और पहली बार होने वाले एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालिफायर भी होगा।
पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान के अलावा भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश हिस्सा लेंगे। महिला वर्ग में भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और ईरान की टीमें मुकाबला करेंगी।
भारतीय सब-जूनियर महिला टीम में गोलकीपर खिली कुमारी और महक परिहार को शामिल किया गया है। रक्षा पंक्ति में नीलम टोपनो और किरण एक्का रहेंगी, जबकि मिडफील्ड में दिया, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी को जगह मिली है। आक्रमण की जिम्मेदारी नौशीन नाज, संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर संभालेंगी।
महिला टीम की कोच रानी ने कहा कि टीम में कौशल, गति और संतुलन का अच्छा मिश्रण है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत की है और हॉकी5एस की तेज रफ्तार शैली के अनुरूप खुद को तैयार किया है। उन्हें विश्वास है कि टीम एशिया की मजबूत टीमों के खिलाफ निडर हॉकी खेलेगी।
पुरुष टीम की कप्तानी केतन कुशवाहा के हाथों में
सब-जूनियर पुरुष टीम में गोलकीपर सावन कुमार और आयुष रजक शामिल हैं। डिफेंस में करण गौतम और आशीष तानी पुरती, जबकि मिडफील्ड में राहुल यादव और रोमित पाल को चुना गया है। फॉरवर्ड लाइन में कप्तान केतन कुशवाहा, प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह और शाहरुख अली जगह बनाने में सफल रहे हैं।
पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि हॉकी5एस तेज गति, रचनात्मकता और दबाव में सही फैसले लेने वाला प्रारूप है, जिसके लिए टीम पूरी तरह तैयार है। यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का बेहतरीन अवसर होगी।
भारतीय टीमें
सब-जूनियर महिला टीम:
गोलकीपर: खिली कुमारी, महक परिहार
डिफेंडर: नीलम टोपनो, किरण एक्का
मिडफील्डर: दिया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी
फॉरवर्ड: नौशीन नाज, संदीपा कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान)
सब-जूनियर पुरुष टीम:
गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक
डिफेंडर: करण गौतम, आशीष तानी पुरती
मिडफील्डर: राहुल यादव, रोमित पाल
फॉरवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली।