IMG-LOGO

सुशासन तिहार में किसान रूपसिंह नेताम को तत्काल मिली नई किसान किताब

Posted on: 2026-05-29
IMG
सुशासन तिहार में किसान रूपसिंह नेताम को तत्काल मिली नई किसान किताब

रायपुर, 29 मई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। सरकार के इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आसानी से राहत और सुविधाएं मिल रही हैं।

गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत आमाडोब पटपरी निवासी किसान रूपसिंह नेताम इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्हें सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में तत्काल नई किसान किताब उपलब्ध कराई गई।

राजस्व विभाग के अधिकारियाें से आज शुक्रवार काे मिली जानकारी के मुताबिक किसान रूपसिंह नेताम की किसान किताब कुछ दिन पहले गुम हो गई थी। किसान किताब नहीं होने के कारण उन्हें कृषि कार्यों के संचालन, राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की चिंता थी, लेकिन सुशासन तिहार के तहत आमाडोब में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ने उनकी परेशानी को आसान कर दिया।

शिविर में पहुंचकर रूपसिंह नेताम ने किसान किताब की द्वितीय प्रति प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन मिलते ही राजस्व विभाग ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की तथा उन्हें तत्काल नई किसान किताब उपलब्ध करा दी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से किसान रूपसिंह नेताम बेहद प्रसन्न नजर आए।

रूपसिंह नेताम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शिविर के माध्यम से समस्याओं का समाधान सरल, सहज और समय पर हो रहा है।

Tags: