IMG-LOGO

केलो नदी पर बन रहे कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव का पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर

Posted on: 2026-05-29
IMG
केलो नदी पर बन रहे कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव का पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर


रायगढ़, 29 मई । लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज गुरुवार काे रायगढ़ में निर्माणाधीन कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने केलो नदी पर बन रहे पुल और मरीन ड्राइव के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और विभागीय अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। सचिव ने कहा कि दोनों परियोजनाएं शहर के यातायात और सौंदर्यीकरण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इन्हें तय समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

इसके बाद लोक निर्माण विभाग के सचिव ने रायगढ़ सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में टिकाऊपन और उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता और समय-सीमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में जिले के विभिन्न उप संभागों में प्रगतिरत सड़कों, पुलों और नए भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सचिव ने ट्रांजिट हॉस्टल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन, प्रयास आवासीय स्कूल, कामकाजी महिला छात्रावास और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं की कार्ययोजना की जानकारी लेकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, मुख्य अभियंता आरके रात्रे, जीएस मंडावी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: