बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के महमंद इलाके में बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच हो रही बहस को शांत कराने पहुंचे युवकों पर ही चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास को साथ- साथ कई धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, महमंद क्षेत्र में बाइक खड़ी करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आसपास मौजूद कुछ युवक दोनों पक्षों को समझाने और मामला शांत कराने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने अपना आपा खो दिया और बीच-बचाव कर रहे युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।