कोलकाता, 23 मई । पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। शनिवार को नवान्न में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी नई पहलों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जुलाई महीने से आयुष्मान भारत कार्ड वितरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य साथी योजना से जुड़े छह करोड़ से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में लाना है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अभी तक स्वास्थ्य साथी योजना के अंतर्गत शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से योजना से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी बताया कि राज्य में 30 मई से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान केंद्र सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पश्चिम बंगाल की सात लाख से अधिक नाबालिग लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका लगाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना और समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीकाकरण अभियान स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और विशेष शिविरों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल को 2103 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। इसमें पहली किस्त के रूप में 500 करोड़ रुपये शनिवार को जारी कर दिए गए हैं।इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के संचालन और विस्तार के लिए 976 करोड़ रुपये का अलग से आवंटन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।
राज्य सरकार की इन नई पहलों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आयुष्मान भारत कार्ड वितरण और सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान जैसे कार्यक्रमों से बड़ी संख्या में लोगों, विशेषकर महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को लाभ मिलेगा।