IMG-LOGO

मणिपुर में 67 हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद, चार उग्रवादी गिरफ्तार

Posted on: 2026-05-21
IMG
मणिपुर में 67 हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद, चार उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल, 21 मई, । मणिपुर पुलिस और संयुक्त सुरक्षा बलों ने राज्य में हथियारों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। इस अभियान के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूएनएलएफ (पी) से जुड़े चार आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।पुलिस द्वारा गुरुवार काे जारी बयान के अनुसार, 20 मई को सुरक्षा एजेंसियों को लामशांग क्षेत्र में लूटे गए हथियारों और गोला-बारूद की बिक्री की कोशिशों की विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके बाद लामशांग थाना क्षेत्र के लामदेंग इलाके में आज विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने यूएनएलएफ (पी) के दो सक्रिय कैडरों - मायांग इंफाल कोकचाई निवासी हेशनाम थॉमस सिंह (29) तथा लामशांग हेइबोंगपोकपी मयाई लेइकाई निवासी अरामबाम टॉमटॉम सिंह (29) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक इंसास लाइट मशीन गन (एलएमजी), तीन इंसास एलएमजी मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के कुछ सहयोगियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। इसके बाद निंगथौजाम राकेश सिंह और चिंगाखाम महेश सिंह नामक दो अन्य व्यक्तियों को सुरक्षा बलों पर हमला करने के आरोप में हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे यूएनएलएफ (पी) के स्वयंभू लांस कॉर्पोरल नाओरेम बिजॉय उर्फ माचा के निर्देश पर हथियार बेचने आए थे। पूछताछ में उनके पहले भी लूटे गए हथियारों और गोला-बारूद की बिक्री में शामिल होने की बात सामने आई है।

आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर मणिपुर पुलिस, असम राइफल्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने लामदेंग स्थित यूएनएलएफ (पी) के एक कथित अवैध कैंप में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 29 हथियार बरामद किए गए, जिनमें एके सीरीज राइफल, एम सीरीज राइफल, पिस्तौल और अन्य हथियार शामिल हैं।

इसके बाद 21 मई को ही चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने 38 अतिरिक्त हथियारों के साथ भारी सैन्य उपकरण भी बरामद किए। जब्त सामग्री में एके सीरीज राइफल, एम सीरीज राइफल, स्नाइपर राइफल, कार्बाइन, शॉटगन, मोर्टार, आरपीजी-7 लॉन्चर, एंटी-ड्रोन जैमर तथा बड़ी मात्रा में विस्फोटक शामिल हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लूटे गए अथवा अवैध रूप से रखे गए हथियारों से संबंधित किसी भी सूचना की तुरंत निकटतम पुलिस थाने को जानकारी दें। पुलिस ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Tags: