यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी मिसाइल और ड्रोन हमले में तीन बच्चों सहित 21 लोग मारे गए हैं और 45 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन की आपात सेवाओं के अनुसार कल हुए इस हमले में घरों, एक स्कूल, एक पशु चिकित्सा केंद्र और अन्य नागरिक भवनों को नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया है कि रूस ने मुख्य रूप से कीव को निशाना बनाते हुए 675 ड्रोन और 56 मिसाइलें दागी। यूक्रेनी सुरक्षा बलों ने कथित रूप से इनमें से अधिकांश को निष्क्रिय कर दिया लेकिन कुछ मिसाइलें आवासीय क्षेत्रों पर जा गिरी जिससे एक नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोद्योमिर जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला दिखाता है कि रूस युद्ध समाप्त करने को लेकर गंभीर नहीं है। यूक्रेन ने सभी मित्र देशों से इसको लेकर कड़ी प्रतिक्रिया करने को कहा है। ब्रिटेन, फ्रांस और अन्य यूरोपीय देशों सहित कई देशों ने हमलों की निंदा की है।
रूस ने कहा है कि ये हमले यूक्रेन की सेना का समर्थन कर रहे है सैन्य और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से किए गए थे। ये हमले अमरीकी राष्ट्रपति द्वारा मध्यस्थ अल्पकालिक युद्धविराम सहित हाल के शांति प्रयासों के विफल होने के बाद हुए हैं। रूस शांति वार्ता से पहले पूर्वी डोनबास क्षेत्र से यूक्रेनी सेना की वापसी की मांग कर रहा है जिसे यूक्रेन ने खारिज कर दिया है।