IMG-LOGO

सेल अधिकारियों के लिए विदेश में नौकरी का मौका, 31 मई तक सेल के इच्छुक कर सकते है आवेदन

Posted on: 2026-05-13
IMG
सेल अधिकारियों के लिए विदेश में नौकरी का मौका, 31 मई तक सेल के इच्छुक कर सकते है आवेदन


कोलकाता, 13 मई । स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में कार्यरत अधिकारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने का सुनहरा अवसर सामने आया है। सेल की संयुक्त उद्यम कंपनी इंटरनेशनल कॉल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (आईबीसीएल) में प्रतिनियुक्ति के आधार पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से पूरी होगी।

कंपनी द्वारा प्रबंधक (परिचालन) और प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) पदों पर चार वर्षों के लिए नियुक्ति की जाएगी। इस अवसर के लिए इस्को स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट, बोकारो स्टील प्लांट, राउरकेला स्टील प्लांट, भिलाई स्टील प्लांट सहित सेल की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत प्रबंधन से लेकर सहायक महाप्रबंधक स्तर तक के अधिकारी आवेदन कर सकेंगे।

योग्यता की बात करें तो प्रबंधक (परिचालन) पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री होना आवश्यक है। वहीं प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) पद के लिए सीए या आईसीडब्ल्यूए की योग्यता अनिवार्य रखी गई है। अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है।

आईबीसीएल का प्रमुख परिचालन केंद्र मोजांबिक में स्थित है, जहां कंपनी कोयला खदानों के अधिग्रहण और कोकिंग कोयले के खनन का कार्य करती है। इस प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भारतीय अधिकारियों को विदेशी परियोजनाओं में काम करने का अनुभव मिलेगा।

वहीं दूसरी ओर, सेल के मैनेजमेंट ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट रांची (एमटीआई) में भी सात प्रशिक्षण पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन पदों में परियोजना प्रबंधन, वित्तीय प्रबंधन, निर्णय प्रबंधन और तकनीकी प्रबंधन शामिल हैं। तकनीकी प्रबंधन के लिए चार पद जबकि अन्य तीन क्षेत्रों के लिए एक-एक पद निर्धारित किए गए हैं।

इन पदों के लिए कंपनी में कार्यरत प्रबंधक से लेकर उप महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को 25 मई 2026 तक अपने इकाई प्रमुख के माध्यम से आवेदन एमटीआई रांची में जमा करना होगा। चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।

गौरतलब है कि एमटीआई रांची में अधिकारियों के लिए नेतृत्व विकास, प्रबंधन कौशल और आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जो कार्यकुशलता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Tags: