बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी के ठिकानों पर ईडी का छापा, शराब घोटाले से जुड़े तार
Posted on:
2026-04-30
बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी के ठिकानों पर ईडी का छापा, शराब घोटाले से जुड़े तार
बिलासपुर
। बिलासपुर में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय
(ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के प्रमुख सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के
घर और प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक
क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की 10
से अधिक अधिकारियों की टीम ने तड़के ही विवेक अग्रवाल के निवास पर दबिश दी।
इसके साथ ही टीम मध्यनगरी चौक स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ भी
पहुंची, जहां दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन
जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल से
जुड़े कथित शराब घोटाले के तार सामने आने के बाद की गई है। विकास अग्रवाल इस मामले
में फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, विकास अग्रवाल पर
करीब 2000 करोड़ रुपये के शराब
घोटाले में शामिल होने का आरोप है और उसे इस पूरे सिंडिकेट का अहम सदस्य माना जा
रहा है। उसका नाम इस नेटवर्क के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के करीबी सहयोगियों में भी
सामने आया है।
फिलहाल ईडी की टीम दोनों ठिकानों पर
दस्तावेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।