नई दिल्ली, 29 अप्रैल । श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी। श्रीलंका क्रिकेट ने बयान में बताया कि एसएलसी के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ एसएलसी की एग्जीक्यूटिव कमिटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है।एसएलसी के अनुसार इस फैसले के बारे में औपचारिक रूप से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और युवा मामले एवं खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे को बता दिया गया है। हालांकि बोर्ड इस्तीफों का तत्काल कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है।ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार सिल्वा ने फरवरी 2019 में अध्यक्ष का पद संभाला था।
उन्होंने थिलंगा सुमाथिपाला का स्थान लिया, जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। शुरुआत में सिल्वा को सुमाथिपाला का करीबी माना जाता था, लेकिन उन्होंने धीरे-धीरे इस पद पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और लगातार चार कार्यकाल पूरे किए, जिनमें से तीन चुनाव निर्विरोध जीते।उनके सात साल के कार्यकाल के दौरान पुरुष और महिला टीमों ने एशिया कप खिताब जीते, लेकिन लगातार सफलता हाथ नहीं लगी। पुरुष टीम की रैंकिंग में भारी गिरावट आई। इसके अलावा 2023 वनडे विश्व कप (नौवें स्थान पर) और 2024 और 2026 टी20 विश्व कप (जिसकी सह-मेजबानी श्रीलंका ने की थी) में निराशाजनक प्रदर्शन रहा।