बेलगावी:
कर्नाटक के बेलगावी जिले के बारवाड गांव में एक परिवार ने सामाजिक रूढ़ियों को
चुनौती देते हुए बेटी के जन्म पर भव्य सार्वजनिक शोभायात्रा निकाली। इस अनोखी पहल
की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता संभाजी थोरवत और उनकी
पत्नी सुमन थोरवत ने अपनी नवजात पोती के स्वागत के लिए यह खास आयोजन किया।
जुलूस में
हलगी, घुमके और झांझ की धुनों
पर लोग झूमते नजर आए। रास्तों को रंगोली से सजाया गया था और स्थानीय लोगों ने
मां-बेटी पर फूल बरसाकर स्वागत किया। शुरुआत में कई लोगों को लगा कि यह जश्न बेटे
के जन्म पर मनाया जा रहा है,
लेकिन जब
पता चला कि समारोह बेटी के जन्म पर है, तो लोगों
ने आश्चर्य और खुशी जताई। कई लोग इस पहल के समर्थन में जुलूस में शामिल भी हो गए।
संभाजी
थोरवत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बेटियों के जन्म को लेकर समाज में मौजूद
नकारात्मक सोच को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि जिस देश में मां महालक्ष्मी, मां दुर्गा और भारत माता की पूजा
होती है, वहां बेटियों का भी
गर्व के साथ स्वागत होना चाहिए।