मुंबई। हिंदी सिनेमा और
टेलीविजन जगत के दिग्गज अभिनेता Bharat
Kapoor का सोमवार
को 80 वर्ष की आयु में निधन
हो गया। हालांकि उनकी मृत्यु के कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि पिछले चार
दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। सूत्रों के अनुसार, उन्हें मुंबई के सायन अस्पताल में
भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम
सांस ली।
उनके
परिवार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस दुखद खबर की
पुष्टि फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के माध्यम से की। उन्होंने
इंस्टाग्राम स्टोरी पर Bharat
Kapoor की तस्वीर
साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा कि उनके साथ शुरुआती करियर में काम
करने की यादें बेहद खास थीं।
उन्होंने दिवंगत अभिनेता को “महान इंसान” बताते
हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। Bharat Kapoor हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई दशकों तक सक्रिय रहे और
उन्होंने 1970,
80 और 90 के दशक में लगातार फिल्मों और टीवी
शो में काम किया। वे ‘नूरी’,
‘राम बलराम’, ‘लव स्टोरी’, ‘बाजार’, ‘गुलामी’, ‘आखिरी रास्ता’, ‘सत्यमेव जयते’, ‘स्वर्ग’, ‘खुदा गवाह’ और ‘रंग’ जैसी कई चर्चित
फिल्मों का हिस्सा रहे।
इसके अलावा उन्होंने ‘बरसात’, ‘साजन चले ससुराल’ और ‘मीनाक्षी: ए
टेल ऑफ थ्री सिटीज’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। टेलीविजन पर भी वे ‘तारा’, ‘अमानत’, ‘भाग्यविधाता’ और ‘कहानी चंद्रकांता’
जैसे कई लोकप्रिय शोज में नजर आए।
अपने लंबे करियर में Bharat Kapoor ने खलनायक, सहायक अभिनेता और मजबूत चरित्र
भूमिकाओं के जरिए इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन से फिल्म और टीवी
जगत में शोक की लहर है।