IMG-LOGO

इज़राइल-हिज़्बुल्लाह तनाव के बीच पश्चिम एशिया में कूटनीतिक गतिविधियाँ तेज़

Posted on: 2026-04-25
IMG
इज़राइल-हिज़्बुल्लाह तनाव के बीच पश्चिम एशिया में कूटनीतिक गतिविधियाँ तेज़

इज़राइल और हिज़्बुल्लाह के बीच लगातार तनाव के बीच, पश्चिम एशिया में कूटनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो रही हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची महत्‍वपूर्ण बातचीत के लिए पाकिस्‍तान के इस्लामाबाद पहुँच गए हैं।
 
ईरान ने संकेत दिया है कि संघर्ष को समाप्त करने के संबंध में उसका रुख़ अमरीका के बजाय पाकिस्तान को बताया जाएगा। ईरान के विदेश मंत्रालय ने स्‍पष्‍ट्र किया है कि अमरीका के साथ किसी भी सीधी बैठक की कोई योजना नहीं है। 
 
अमरीका ने पुष्टि की है कि उसके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर, अपने ईरानी समकक्षों के साथ बातचीत के लिए पाकिस्तान जाएँगे। व्हाइट हाउस ने बताया कि ईरानियों ने ही आमने-सामने की बातचीत का अनुरोध किया था। अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस इस यात्रा पर नहीं जा रहे हैं, लेकिन वे किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं। 
 
ज़मीनी स्तर पर, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा घोषित संघर्ष विराम के विस्तार के बावजूद, संघर्ष जारी है। हिज़्बुल्लाह के एक सांसद, अली फ़य्याद ने इस विस्तार को अस्वीकार करते हुए, इज़राइल की लगातार जारी कार्रवाइयों के मद्देनज़र इसे ‘अर्थहीन’ बताया है। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर दोहराया है कि किसी भी ख़तरे के विरुद्ध कार्रवाई करने की इज़राइल को पूरी आज़ादी है। साथ ही, उन्होंने हिज़्बुल्लाह पर संघर्ष विराम को कमज़ोर करने का आरोप भी लगाया है। ख़बरों के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में इज़राइल के हवाई हमलों में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि हिज़्बुल्लाह ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए रॉकेट और ड्रोन हमलों के ज़रिए इज़राइल के ठिकानों को निशाना बनाया है।

Tags: