गरियाबंद, 20 अप्रैल 2026
जिले में युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 24 एवं 25 अप्रैल को “युवा उत्सव 2026 इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन धमतरी में किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे अवसर से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इसमें गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग ले सकते है।
इस युवा उत्सव में 20 से अधिक विधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल एवं समूह नृत्य, एकल एवं समूह गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, रैम्प वॉक (पारंपरिक वेशभूषा), आर्ट एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी, फूड फेस्ट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं। साथ ही प्रतियोगिता, साइंस एवं कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीक एवं नवाचार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र
युवा उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय शाम में आरु साहू की प्रस्तुति, “द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा” राजिम तथा रायपुर का प्रसिद्ध “आवाज क्रांति बैंड” अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। वहीं 25 अप्रैल को चर्चित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का प्रेरक सत्र युवाओं को मार्गदर्शन देगा। इसके पश्चात बस्तर का लोकप्रिय “वायरा बैंड” अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बनाएगा।
विविध गतिविधियों से मिलेगा सर्वांगीण विकास का अवसर
उत्सव के दौरान महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ई एण्ड सेल के अंतर्गत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ एवं एआई वर्कशॉप आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज एवं रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। यह दो दिवसीय आयोजन शासकीय महाविद्यालय धमतरी के नवीन भवन स्थित सेमिनार हॉल एवं परिसर में आयोजित होगा, जिसमें जिले के सभी महाविद्यालयों के चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे।