भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम एजेंसी ने अरुणाचल प्रदेश में आज और लद्दाख, जम्मू और कश्मीर में कल भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। दिल्ली, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, केरल, माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और विदर्भ में दिन के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी। वहीं, विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और देश के पूर्वी हिस्से में आज अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
