IMG-LOGO

फोन को टच किए बिना ही हो जाएंगे मैसेज और कॉल्स, यह फीचर करने वाला है कमाल

Posted on: 2026-03-25
IMG
फोन को टच किए बिना ही हो जाएंगे मैसेज और कॉल्स, यह फीचर करने वाला है कमाल

अब फोन कॉल या मैसेज करने के लिए आपको मोबाइल को छूने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एआई की मदद से आपका फोन खुद ही कई काम कर सकेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Anthropic अपने एआई चैटबॉट Claude AI में एक नया फीचर जोड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे मोबाइल को कंट्रोल किया जा सकेगा। इससे पहले OpenAI भी कंप्यूटर ऑपरेट करने वाला मॉडल पेश कर चुकी है, और अब एंथ्रोपिक मोबाइल के लिए अपने एआई को और उन्नत बना रही है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी फिलहाल Claude AI में ‘Orbit’ नाम के फीचर की टेस्टिंग कर रही है, जिसे ‘Phone Use’ भी कहा जा रहा है। इस फीचर के जरिए यूजर के निर्देश देने पर फोन खुद ही कॉल करना, मैसेज भेजना और कैलेंडर मैनेज करना जैसे काम कर सकेगा—वह भी बिना फोन को हाथ लगाए। यानी यह एक एआई एजेंट की तरह खुद ही सारे एक्शन पूरा करेगा।

कैसे काम करेगा यह फीचर?

यह फीचर एक स्मार्ट डिजिटल असिस्टेंट की तरह काम करेगा। उदाहरण के तौर पर, अगर आप इसे बताएंगे कि शाम 7 बजे मीटिंग रखनी है और किन लोगों को शामिल करना है, तो यह खुद ही कैलेंडर में इवेंट जोड़ देगा। साथ ही, संबंधित लोगों को कॉल या मैसेज करके सूचना भी दे देगा। अगर मीटिंग कैंसिल होती है, तो यह इवेंट को अपने आप हटा भी देगा।

यानि जो काम पहले असिस्टेंट या सेक्रेटरी करते थे, अब वही काम एआई अपने आप संभाल सकता है।

कंप्यूटर के लिए नया एआई मॉडल

हाल ही में OpenAI ने अपना नया एआई मॉडल GPT-5.4 पेश किया है। यह मॉडल स्प्रेडशीट, डॉक्यूमेंट और प्रेजेंटेशन जैसे जटिल काम आसानी से कर सकता है। कंपनी का कहना है कि यह रीजनिंग, कोडिंग और ऑफिस से जुड़े कई काम इंसानों की तरह कर सकता है।

यह मॉडल खासतौर पर कंप्यूटर के लिए तैयार किया गया है और यूजर की ओर से अलग-अलग ऐप्लिकेशन में जाकर खुद ही काम कर सकता है।

Tags: