IMG-LOGO

छत्तीसगढ़ के रायपुर में महाभारत की कथा लिखते नजर आए भगवान गणेश

Posted on: 2025-09-05
IMG
छत्तीसगढ़ के रायपुर में महाभारत की कथा लिखते नजर आए भगवान गणेश

रायपुर, 05 सितंबर। राजधानी रायपुर में गणेशोत्‍सव पर भव्य पंडालों में जहां गणपत‍ि बप्पा की आरती और भजन कीर्तन के साथ आस्था का दिव्य माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में गुढ़‍ियारी अशोक नगर में महाभारत की थीम पर गणेश जी स्‍थाप‍ित की गई है। महर्षि वेदव्यास के साथ महाभारत कथा लिखते भगवान गणेश नजर आए। गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं की अच्‍छी-खासी भीड़ लग रही है।

श्री सिद्ध‍ि विनायक गणेशोत्‍सव समिति अशोक नगर गुढ़‍ियारी के अध्‍यक्ष करन साहू, सचिव मुरलीधर यादव, धर्मेन्‍द्र साहू, विनय साहू, अरुण यादव ने संंयुक्‍त रुप से बताया क‍ि, गणेश जी द्वारा महाभारत लिखने से जुड़ी कथा के आधार पर यह मूर्ति बनवाई गई है। आजकल जगह-जगह भगवान गणेश के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिसका हम सभी विरोध करते हैं। भगवान को भगवान की तरह से दिखाया जाना चाहिए। यह थीम महर्षि वेदव्‍यास और गणेश जी के बीच ज्ञान और बुद्ध‍ि की प्रतिस्‍पर्धा को दर्शाती हैं।

स्‍थानीय रहवास‍ियों के मुताब‍िक, महाभारत की कथा लिखते हुए भगवान गणेश जी को दिखाया गया है। गणेश जी के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ बिल्‍कुल नहीं की गई बल्कि वास्‍तविक स्‍वरुप को दर्शाया गया है। वहीं रायपुर के लाखे नगर पर भगवान गणेश की एआई प्रतिमा को लेकर विरोध हिंदू संगठनों द्वारा किया गया।

पौराणिक कथाओं के अनुसार, महर्षि वेदव्यास ने महाभारत की रचना के लिए भगवान गणेश से आग्रह किया था। भगवान गणेश ने शर्त रखी कि महर्षि वेदव्यास कथा सुनाते समय एक पल भी नहीं रुकेंगे, और वेदव्यास ने भी शर्त रखी कि, गणेश जी भी बिना समझे कोई अक्षर नहीं लिखेंगे।

वेदव्यास जी ने इस शर्त को मान लिया और उस दौरान भगवान गणेश ने 10 दिनों तक बिना रुके महाभारत लिख डाली। इससे गणेश जी का तापमान बढ़ गया तब वेद-व्यास जी ने 10वें दिन उन्हें नदी में स्नान करवाया। यही कारण है क‍ि 10 द‍िनों तक गणेशोत्‍सव धूमधाम से मनाया जाता है। 11वें दिन अनंत चतुर्दशी पर गणेश जी का विसर्जन होता है।

Tags: