IMG-LOGO

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिले में खेल दिवस का हुआ भव्य आयोजन

Posted on: 2025-08-30
IMG
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिले में खेल दिवस का हुआ भव्य आयोजन

गरियाबंद । जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्व.मेजर ध्यानचंद की जन्म दिवस के अवसर पर आज राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया।

मुख्य कार्यक्रम पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम के खेल मैदान में आयोजित किया गया। खेल दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी जैसे विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

साथ ही उत्साह के साथ खेल की गतिविधियों में भाग लिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  गौरीशंकर कश्यप एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कलेक्टर  बीएस उइके ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर  कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष  रिखीराम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, उपाध्यक्ष नगर पालिका  आशिफ मेमन सहित पार्षद  सुरेन्द्र सोनटेके, अपर कलेक्टर  नवीन भगत प्रभारी जिला खेल अधिकारी, सीएमएचओ, परियोजना अधिकारी  बुद्धविलास शामिल हुए।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  गौरीशंकर कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन का भी आधार है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमें मेजर ध्यानचंद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में उत्कृष्टता की ओर बढ़ना चाहिए।

कलेक्टर  बीएस उइके ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती प्राप्त होती है, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित होता है।

उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाना हम सभी के लिए गौरव की बात है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों और युवाओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करें, क्योंकि खेल स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नगर पालिका अध्यक्ष  रिखीराम यादव ने भी राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मेजर ध्यानचंद द्वारा किये गये उल्लेखनीय कार्यो से बच्चों को सीख लेने का संदेश दिया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर खेल के प्रति समर्पण और उत्साह का परिचय दिया। जिसमें बालक - बालिकाओं को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कबड्डी बालक वर्ग से मदनपुर हाई स्कूल प्रथम एवं पीएमश्री गरियाबंद द्वितीय स्थान, कबड्डी बालिका वर्ग से कसेरू हाई स्कूल प्रथम एवं कन्या शाला गरियाबंद द्वितीय स्थान, खो-खो में बालक वर्ग से कसेरू हाई स्कूल प्रथम एवं पीएमश्री गरियाबंद द्वितीय स्थान, खो-खो में बालिका वर्ग से कन्या शाला गरियाबंद प्रथम एवं सरस्वती शिशु मंदिर गरियाबंद द्वितीय स्थान, रस्साकसी में बालक वर्ग से कसेरू हाई स्कूल प्रथम एवं पीएमश्री गरियाबंद द्वितीय स्थान एवं बालिका वर्ग से कन्या शाला गरियाबंद प्रथम एवं पीएमश्री गरियाबंद द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षक/व्यायाम शिक्षक  संजीव साहू विकासखंड नोडल,  आनंद झा, नलनी सोनकुंवर, रजनी भाया,  सूरज महाड़िक,  नंदकुमार रात्रे,  निलेश देवांगन,  देवेन्द्र बंजारी,  नितिन बखारिया,  गिरीश शर्मा,  दानवीर साहू,  लोकेश ध्रुव,  होरीलाल साहू,  चम्पेश्वर यादव, ममता साहू इन सभी का विशेष योगदान रहा है।

Tags: